घुमारवीं में विजिलेंस विभाग ने लोगों को किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। विजिलेंस विभाग की ओर से घुमारवीं में बुधवार को भ्रष्टाचार के विरोध में लोगों को जागरूक करने के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो के तहत मनाए जा रहे सतर्कता जागरुकता सप्ताह के तहत इसका आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य आम जनता में विजिलेंस विभाग की सेवाओं के बारे में जागरुकता फैलाना है।
विजिलेंस विभाग के सब इंस्पेक्टर अजीत सिंह ने कहा कि यदि सरकारी विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी काम के बदले रिश्वत की मांग कर भ्रष्टाचार फैला रहा है तो लोग उसके खिलाफ खुलकर सामने आएं और विजिलेंस में शिकायत करें। सरकारी तंत्र से भ्रष्टाचार को मिटाना हम सबकी जिम्मेवारी है और इसे मिटाने के लिए हर नागरिक को विजिलेंस विभाग का सहयोग करना चाहिए। यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी निजी हित के लिए अपने सरकारी पद का दुरुपयोग करता है या किसी भी सरकारी कर्मचारी की संपत्ति उसकी आय से अधिक प्रतीत होती है या फिर किसी भी प्रकार के सरकारी पैसे का गबन या दुरुपयोग करता है तो उसकी शिकायत विजिलेंस में की जा सकती है। यदि आपको इस बात की जानकारी मिलती है कि किसी सरकारी कार्य में इस्तेमाल के लिए नकली दस्तावेज तैयार किए जाते हैं या सरकारी निर्माण हेतु घटिया निर्माण सामग्री का प्रयोग या सरकारी निर्माण सामग्री का प्रयोग किसी अन्य कार्य के लिए किया जाता है तो उसकी भी शिकायत विजिलेंस विभाग में करें। भ्रष्टाचार संबंधी किसी भी सूचना के लिए टोल फ्री नंबर 01772629893 या व्हाट्सएप नंबर 8988700100 के अलावा विभाग की वेबसाइट पर भी शिकायत कर सकते हैं।