संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र की कोट पंचायत के गांव कोट में जन जागरूकता कल्याण मंच के स्थापना दिवस पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों व महिला मंडल की सदस्यों सहित अन्य को सम्मानित किया गया। समारोह में खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेंद्र गर्ग मुख्यातिथि थे।
उन्होंने कहा कि जन जागरूकता कल्याण मंच सामाजिक क्षेत्र में बेहतरीन कार्य कर रहा है। सामाजिक सरोकार एवं मानवीय पहलुओं की कड़ियों को जोड़ने वाले ऐसे आयोजन सामाजिक जुड़ाव में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने इसके लिए मंच के पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार जताया। कहा कि प्रदेश सरकार ने मानवीय सरोकारों को सर्वोच्च अधिमान देते हुए पिछले साढ़े चार सालों में समाज के हर वर्ग की बेहतरी के लिए कई नई योजनाएं शुरू की हैं। इनके आशातीत परिणाम आ रहे हैं।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन, महिला सुरक्षा, वृद्धजनों, आर्थिक रूप से कमजोर व पिछड़े वर्गों को आवासीय सुविधा देने, कन्याओं की शिक्षा व स्वास्थ्य संबंधी जरूरतें पूरा करने और आर्थिक सुरक्षा देने, गरीब व जरूरतमंद लोगों को मुफ्त एवं गुणात्मक स्वास्थ्य सुविधाएं देने जैसे क्षेत्रों में सरकार ने ठोस कदम उठाते हुए सभी को बड़ी राहत दी है।
इन्हें किया गया सम्मानित
मंत्री ने कोरोना वॉरियर्स, समाजसेवा और शिक्षा में उल्लेखनीय कार्यों के लिए कर्नल जसवंत सिंह चंदेल, एसएमओ डॉ. उज्यंत भारद्वाज, डॉ. ममता चौधरी, डॉ. आदित्य संख्यान, कुमारी सुहानी ठाकुर, डॉ. रविंद्र, एएन शर्मा, हंसराज, लक्ष्मी दत्त, प्रकाश चंद शर्मा, बिजली शर्मा तथा पत्रकारिता में राकेश और लोकेश सहित अनेक विभूतियों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में प्रधान पंचायत कोट सोमा देवी, उपप्रधान पवन, प्रधान हटवाड़ पंचायत राजेंद्र कुमार, पूर्व प्रधान कर्मचंद, सेक्टर प्रमुख ब्रह्मदत्त शर्मा, ग्राम केंद्र प्रभारी रविंद्र कुमार, कल्याण बूथ से बेसरिया, कोट से देशराज, कैप्टन रामलाल नायक, सोमदत्त शास्त्री हटवाड़ ग्राम केंद्र यशवंत, कुलबीर, कुलवंत, विनोद कतना, सुरेश कुमार तथा अन्य उपस्थित थे।