घुमारवीं(बिलासपुर)। घुमारवीं शहर में एक महिला को एटीएम में अन्य लोगों से मदद लेना महंगा पड़ गया है। महिला शहर में स्थित पीएनबी के एटीएम से पैसे निकाल रही थी। वहां पर अन्य लोगों ने महिला को एटीएम से पैसे निकालने के लिए मदद की और खुद महिला के एटीएम से दस हजार रुपये निकाल लिए। महिला को पैसे निकालने का एहसास तब हुआ जब मोबाइल पर संदेश आया कि खाते से पैसे निकाल लिए गए हैं।
पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि वह बैंक के एटीएम से पैसे निकालने गई थी। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों से महिला ने पैसे निकालने के लिए मदद मांगी। जिस पर आरोपियों ने महिला को पैसे निकाल कर दे दिए लेकिन मौका पाकर महिला के ही एटीएम से दस हजार निकाल कर चलते बने।
इसके पहले महिला को वारदात का पता चलता चपत लगाने वाले मौके पर फरार हो चुके थे। वहीं महिला ने इस संदर्भ में घुमारवीं थाना में शिकायत दे दी गई है। पुलिस कैमरों की सहायता से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
डीएसपी राजेंद्र कुमार जसवाल ने कहा है कि एक महिला ने थाने में आकर शिकायत दी है कि एटीएम मे पैसे निकालते समय मदद करने की एवज में खाते से दस हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। पुलिस उस समय एटीएम में कौन-कौन मौजूद था, की सीसीटीवी फुटेज निकाल कर आरोपियों की पहचान करेगी। उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि अपना एटीएम कार्ड किसी को प्रयोग करने के लिए न दें। वहीं उन्होंने कहा कि कोई भी एटीएम पिन साहित अन्य गोपनीय जानकारी मांगे तो वह भी किसी को न दें।