बरमाणा(बिलासपुर)। ट्रक ऑपरेटरों ने बीडीटीएस बरमाणा सभा में डायरेक्ट पार्टी सीमेंट की गाड़ियों के विरोध के चलते सोमवार सुबह की डिमांड बंद रखी। दोपहर बाद सभा के प्रधान जीतराम गौतम के आश्वासन के बाद सीमेंट गाड़ियों की डिमांड बहाल हुई।
प्रधान ने पुकार हाल में ऑपरेटरों को आश्वासन देते हुए कहा कि सोमवार को ही एसीसी प्रबंधन के साथ बैठक हुई है। जिसमें सुनिश्चित हुआ है की बग्गी, धनोटू, धामी के लिए 12-12 गाड़ियों की ही डिमांड प्रतिदिन की जाएगी। फतेहपुर के लिए 18 गाड़ियां और उखली के लिए 5 गाड़ियां भेजने की सहमति बनी है। फतेहपुर से कोई भी गाड़ी ऊना सीमेंट डीलर के लिए नहीं भेजने का भी आश्वासन विरोध में उतरे ऑपरेटरों को दिया गया। हिमाचल के सीमेंट डंपो पर 12 घंटे के अंदर सीमेंट की भरी हुई गाड़ी खाली करने की भी बात बैठक में की गई है।
बीडीटीएस के पूर्व प्रधान रमेश ठाकुर, पूर्व महासचिव कुलदीप गौतम व अन्य सदस्यों ने कहा कि एसीसी प्रबंधन के साथ एग्रीमेंट मुताबिक डायरेक्ट पार्टी की गाड़ियां बरमाणा सभा के द्वारा ही भेजी जाएंगी ताकि ऑपरेटरों को हो रहे आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके। उल्लेखनीय है बग्गी, उखली, धनोटू, धामी, फतेहपुर इत्यादि हिमाचल सीमेंट डंपो से डायरेक्ट पार्टी की सीमेंट गाड़ियां भेजने पर ऑपरेटरों ने सभा की कार्यप्रणाली पर प्रश्न उठाए थे। शनिवार को भी ऑपरेटरों ने डिमांड बंद की थी। वहीं सोमवार को जब व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो पूर्व प्रधान एवं सदस्य कार्यकारिणी रमेश ठाकुर, पूर्व महासचिव कुलदीप गौतम, चंदू राम ठाकुर, कमल किशोर, विनय वर्मा, लेख राम वर्मा सहित अन्य ऑपरेटरों ने सुबह होने वाली सीमेंट गाड़ियों की डिमांड को बंद करवा दिया था। लेकिन प्रधान द्वारा दिए गए आश्वासन व मांगों के अनुसार डिमांड की बहाली हुई। वहीं उन्होंने यह भी आश्वासन दिया है कि पहली जनवरी से गाड़ियों से अवैध तरीके से वसूले जाने वाले डाला चार्ज को भी नहीं लिया जाएगा।