-खैरिया गांव में खंड स्तरीय विश्व श्रवण दिवस का हुआ आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
जुखाला (बिलासपुर)। शहर के साथ लगते गांव खैरिया में खंड स्तरीय विश्व श्रवण दिवस स्वास्थ्य विभाग की ओर से मनाया गया। इसकी अध्यक्षता ग्राम पंचायत बामटा के प्रधान विक्रम सिंह ने की।
इस दौरान मेहंदी और भाषण प्रतियोगिता भी कराई गई। भाषण प्रतियोगिता में सपना ने पहला, अलीशा ने दूसरा और सुजैन ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। मेहंदी प्रतियोगिता में आसिफ पहले, शकुंतला दूसरे और रुबिया तीसरे स्थान पर रहीं। स्वास्थ्य शिक्षक विजय शर्मा ने बताया कि इस साल की थीम मानसिकता बदलना : स्वयं को सशक्त बनाएं, आईए कान और सुनने की देखभाल को सभी के लिए वास्तविकता बनाएं रहा। उन्होंने बताया कि कान हमारे श्रवण का तंत्र हैं और सामान्य गतिविधियों के लिए सुनने की आवश्यकता होती है, फिर भी हम सुनने को हल्के में लेते हैं। उन्होंने बताया कि हमारे कान की शक्ति संक्रमण तेज शोर, धूम्रपान, नीम हकीम के पास अपने कान साफ करवाना, कान को नुकीली लकड़ी या पेंसिल से साफ करना और तेल डालना आदि के कारण प्रभावित होती है या श्रवण हानि होती है। उन्होंने बताया कि बहरेपन के ज्यादा मामले कान के अंदर के महीन सेल खराब होने के कारण होते हैं। यह खराबी बहुत तेज आवाज के कारण हो सकती है और यह हमेशा रहती है। अपने सुनने की शक्ति को बनाएं रखने का एक ही उपाय है तेज आवाज से बचें। उन्होंने बताया कि कान की बीमारियों में कान का संक्रमण, कान में बजने या अन्य आवाजें सुनाई देना, सुनने में कमी, मेनिएर रोग, कान के पर्दे का फटना, बहरापन, ओटोस्क्लेरोसिस, कान के ट्यूमर, कान में रुकावट, बैरोट्रॉमा, सोरायसिस, शीतदंश शामिल है। उन्होंने बताया कि यदि आपको कान से संबंधित कोई भी समस्या है, तो तुरंत चिकित्सक से सलाह लें। हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बामटा से महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता सुषमा ने उपस्थित जनसमूह की एनसीडी के लिए भी स्क्रीनिंग की। सभी लोगों का रक्तचाप और शुगर का लेवल टेस्ट किया। उन्होंने बताया कि 20 अप्रैल तक मुंह की स्वच्छता के लिए भी एक अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत मुंह की स्वच्छता और स्वच्छता न रखने पर होने वाले रोगों से बचने के बारे में जानकारी दी जा रही है। इस अवसर पर बामटा पंचायत उपप्रधान प्रकाश चंद, बीडीसी सदस्य सुमन गर्ग, वार्ड सदस्य सलामता, सुनीता देवी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुष्पा, रामप्यारी, आसमा, राजकुमारी, मीना, तृप्ता, नीलम, सीमा, बीना, सरोज आदि उपस्थित रहे।