बिलासपुर। कोविड-19 में चिकित्सक, नर्सिंग, सफाई, मीडिया और निगम कर्मी जहां कर्मवीर की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं देश का भविष्य निर्माण करने वाले शिक्षक भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। यह बात ऑल इंडिया फेडरेशन ऑफ टीचर ऑर्गेनाइजेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कही है। उन्होंने सरकार से शिक्षकों को कोरोना योद्धा का दर्जा देने की मांग की है।
फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अश्वनी कुमार ने बताया कि शिक्षक के कंधों पर हमेशा ही बड़ी जिम्मेदारी रही है।
इस संकट में भी शिक्षक अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभा रहे हैं। शिक्षक समाज का दर्पण, शिल्पकार और मार्गदर्शक होते हैं। वैश्विक महामारी में देशभर के शिक्षक घर-घर जाकर सर्वे करने, होम आइसोलेशन, क्वारंटीन सेंटरों, कोरोना सहायता केंद्रों, बीएलओ ड्यूटी, चेकपोस्टों पर सेवाएं देने के साथ जनता को जागरूक करने में प्रशासन से कंधे से कंधा मिलाकर अग्रिम भूमिका में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए कर्मवीर बनकर खड़े हैं। इसके साथ-साथ ऑनलाइन शिक्षा का जिम्मा भी उठा रहे हैं। डॉ. अश्वनी कुमार ने सरकार से शिक्षकों को कोरोना योद्धा का दर्जा प्रदान करने की मांग की है।