अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, एमकॉम, एमएससी फिजिक्स, पीजीडीसीए में खाली चल रही सीटें
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों और पीजीडीसीए प्रथम सेमेस्टर की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। कॉलेज प्रशासन की ओर से जारी कार्यालय आदेश के अनुसार इच्छुक अभ्यर्थी 31 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
कॉलेज प्रशासन ने बताया कि एमए अंग्रेजी, एमए अर्थशास्त्र, एमकॉम, एमएससी फिजिक्स और पीजीडीसीए प्रथम सेमेस्टर में कुछ सीटें अभी भी खाली हैं। इन सीटों पर प्रवेश पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को कॉलेज की आधिकारिक प्रवेश वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। प्राचार्य डॉ. पीएस कटवाल ने संबंधित विभागाध्यक्षों, पीजीडीसीए समन्वयक और वेबसाइट प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए प्रवेश प्रक्रिया को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। कॉलेज प्रशासन ने इच्छुक विद्यार्थियों से अंतिम तिथि से पहले आवेदन करने की अपील की है। प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी किसी भी जानकारी या समस्या के समाधान के लिए विद्यार्थी महाविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध एडमिशन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।