350 स्टेज कैरिज रूटों के लिए आवेदन की तिथि बढ़ी, ऑनलाइन प्रक्रिया चालू
आवेदन विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध, सभी जिलों से कर सकेंगे आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। परिवहन विभाग के स्टेज कैरिज वाहनों के संचालन के लिए निर्धारित 350 रूटों पर अब 14 जुलाई, 2025 तक आवेदन किया जा सकेगा। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी बिलासपुर राजेश कौशल ने कहा कि पहले यह तिथि 30 जून निर्धारित थी, लेकिन आम जनता की सुविधा को देखते हुए इसे बढ़ाया गया है।
राजेश कौशल ने बताया कि इन 350 रूटों में से 21 रूट जिला बिलासपुर से संबंधित हैं। ऐसे में जिले के इच्छुक आवेदकों के पास बेहतर अवसर हैं कि वे न केवल बिलासपुर, बल्कि अन्य जिलों के रूटों के लिए भी आवेदन कर सकते हैं। बताया कि इच्छुक आवेदक परिवहन विभाग की वेबसाइट https://himachal.nic.in/transport/ पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। रूटों की पूरी सूची, नियम और शर्तें भी यहीं उपलब्ध हैं। आरटीओ ने बताया कि सभी जिलों से प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद संबंधित क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण द्वारा परमिट स्वीकृति की प्रक्रिया निकट भविष्य में शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने सभी पात्र व्यक्तियों से अपील की है कि समय रहते आवेदन करें, जिससे उन्हें संचालन के लिए परमिट प्राप्त हो सके।
कहा कि परिवहन विभाग के इस निर्णय से जहां स्थानीय परिवहन सुविधाएं मजबूत होंगी, वहीं स्वरोजगार के भी नए अवसर खुलेंगे।