कला एवं साहित्य क्षेत्र के उत्कृष्ट व्यक्तियों के नाम मांगे, 15 मई तक जिला स्तर पर भेजें प्रस्ताव
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। भारत सरकार ने वर्ष 2027 में दिए जाने वाले पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री पुरस्कारों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इन प्रतिष्ठित पुरस्कारों के लिए कला एवं साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट और विशिष्ट योगदान देने वाले पात्र व्यक्तियों के नाम मांगे गए हैं।
जिला भाषा अधिकारी बिलासपुर नीलम चंदेल ने जानकारी देते हुए बताया कि इच्छुक व्यक्ति या संस्थाएं संबंधित व्यक्ति का संक्षिप्त जीवन-वृत्त (बायोडाटा), कृतित्व का विवरण तथा लगभग 800 शब्दों का प्रशस्ति-पत्र सहित आवेदन निर्धारित तिथि तक जिला भाषा अधिकारी कार्यालय, बिलासपुर में जमा करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि आवेदन प्रपत्र और विस्तृत दिशा-निर्देश गृह मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट https://padmaawards.gov.in पर उपलब्ध हैं। जिला के सभी पात्र व्यक्तियों एवं संस्थाओं से आग्रह किया गया है कि वे योग्य उम्मीदवारों के नाम आवश्यक दस्तावेजों सहित 15 मई, 2026 तक कार्यालय में भेजना सुनिश्चित करें, ताकि समयबद्ध तरीके से इन्हें निदेशालय को अग्रेषित किया जा सके।