-जिले में 1,31,285 व्यस्क लोगों को टीकाकरण के लिए किया है चिन्हित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। टीबी मुक्त हिमाचल कार्यक्रम के तहत वयस्क टीबी रोधी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ स्वास्थ्य खंड श्री नयनादेवी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सलोआ से खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसएस बावा ने किया।
इस मौके पर जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अनंत राम ने बताया कि जिले में 1,31,285 व्यस्क लोगों को इस टीकाकरण के लिए चिन्हित किया गया है। विभाग की ओर से सभी पात्र लोगों की जानकारी हाउस–टू–हाउस सर्वे के माध्यम से दिसंबर 2023 में ही जुटा ली गई थी। सभी पात्र लोगों से उनकी सहमति के बाद खुराक दी जा रही है। इसमें पांच साल पुराने टीबी के मरीज, उनके संपर्क में आने वाले लोग, साठ साल से अधिक आयु के व्यक्ति, अत्यंत दुबले पतले लोग (कुपोषित), धूम्रपान करने वाले और मधुमेह से पीड़ित प्रमुख हैं। इन सभी को नजदीकी टीकाकरण बूथ पर पंजीकरण दस्तावेज दिखाने के उपरांत एएनएम टीबी-बिन पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा। मोबाइल पर ओटीपी आने के बाद व्यस्क को बीसीजी की खुराक दी जाएगी। वहीं टीकाकरण के बाद व्यक्ति आधा घंटा डॉक्टरों की देखरेख में रहेगा। पात्रता वाले लोगों से अनुरोध किया कि सभी पात्र लोग व्यस्क बीसीजी का टीका जरूर लगवाएं और टीबी मुक्त बिलासपुर बनाने में अपना योगदान दें।