नघ्यार पाठशाला में खंड स्तरीय मानसिक स्वास्थ्य दिवस का आयोजन
मानसिक समस्याओं से जूझ रहे है युवा : दीप कुमार
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता(बिलासपुर)। वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नघ्यार में कार्यकारी उपप्रधानाचार्य ताराचंद की अध्यक्षता में खंड स्तरीय मानसिक स्वास्थ्य दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य शिक्षक दीप कुमार और कमल कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे। इस मौके पर छात्रों के लिए क्विज और चार्ट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
क्विज में अंशिका ने पहला, पायल और सचिन ने दूसरा स्थान, अशोक ने तीसरा स्थान तथा भानवी, किंजल, राजकुमारी और ध्रुव शर्मा ने चौथा स्थान हासिल किया। चार्ट प्रतियोगिता में किरण ने पहला, अंजलि ने दूसरा, पायल ने तीसरा, राजकुमारी ने चौथा और भूमिका ने पांचवां स्थान प्राप्त किया। सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
यह अभियान 8 दिसंबर तक चलेगा। इसमें सभी शिक्षण संस्थानों, पंचायतों और एनजीओ को तंबाकू-मुक्त अभियान के तहत जागरूक किया जाएगा। स्वास्थ्य शिक्षक दीप कुमार ने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य दिवस का उद्देश्य लोगों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि मानसिक समस्याएं भी उतनी ही गंभीर होती हैं जितनी शारीरिक बीमारियां। चिंताजनक बात यह है कि आज के युवा तेजी से डिप्रेशन, एंग्जाइटी और स्ट्रेस जैसी मानसिक समस्याओं से जूझ रहे हैं।
स्वास्थ्य शिक्षक कमल कुमार ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य को लेकर समाज में अभी भी कलंक बना हुआ है। लोग मनोवैज्ञानिक या मनोचिकित्सक के पास जाने से कतराते हैं, जिससे स्थिति और बिगड़ जाती है। उन्होंने कहा कि भले ही व्यक्ति शारीरिक रूप से स्वस्थ हो, यह जरूरी नहीं कि वह मानसिक रूप से भी स्वस्थ हो।
डिप्रेशन से बचाव के लिए सबसे जरूरी है कि व्यक्ति खुलकर बात करे और परिवार व दोस्तों के साथ अपने मन की बातें साझा करे। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी भी मौजूद रहे।