पीड़ित परिवार को एक लाख के नुकसान का आकलन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। उपमंडल सदर के निचली भटेड़ गांव में पशुशाला में वीरवार को आग लग गई। घटना में पीड़ित परिवार को करीब एक लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
निचली भटेड़ के कर्मचंद की दो कमरों की पशुशाला में आग लग गई। घटना के समय मवेशी बाहर बंधे थे। पशुशाला से धुआं निकलता देख ग्रामीण एकत्रित हुए और आग को बुझाना शुरू किया। इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को भी दे दी गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग से इमारती लकड़ी और घास जलकर राख हो गया। पटवारी ने मौके का निरीक्षण भी किया। कर्मचंद ने प्रशासन से उचित सहायता की मांग की है।