पुरानी पंचायत में रहने पर ग्राम सुधार समिति ने बनाई सहमति
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। विकास खंड घुमारवीं की कसारू पंचायत के छंजयार गांव को नई पंचायत के साथ जोड़ने पर सांख्यान ग्राम सुधार सभा समिति ने आपत्ति जताई है। इस बाबत समिति ने बैठक आयोजित कर पुरानी पंचायत कसारू में ही रहने पर सहमति जताई है।
सांख्यान ग्राम सुधार सभा समिति छंजयार की बैठक प्रधान प्रकाश चंद सांख्यान की अध्यक्षता में हुई। सदस्यों ने कहा कि उन्हें सूत्रों से ज्ञात हुआ है कि उनके गांव को कसारू पंचायत से अलग करके नई पंचायत के साथ जोड़ा जा रहा है। गांव के लोग अपनी पुरानी पंचायत कसारू में ही रहना चाहते हैं। समिति ने प्रस्ताव की कॉपी कसारू पंचायत को सौंप दी है। बताते चलें कि हिमाचल प्रदेश में नई पंचायतों का गठन किया जा रहा है। इसमें विकास खंड घुमारवीं की दधोल व पडयालग सहित अन्य पंचायतों के धार में बसे गांवों को जोड़कर एक अलग पंचायत बनाने की मांग उठी थी। कसारू पंचायत के छंजयार गांव की संख्यान ग्राम सुधार सभा समिति ने बैठक आयोजित कर इस पर अपनी आपत्ति जाहिर करके पुरानी पंचायत में ही रखने की बात कही है। इसके साथ ही ग्राम पंचायत दधोल के गांव भेल के लोगों ने भी नई पंचायत में जाने के लिए अपनी असहमति जताई है और कहा कि दधोल पंचायत नजदीक पड़ती है।