नम्होल में पशु मंडी,किसान मेले का शुभारंभ करते हुए नीलम चंदेल। संवाद
नम्होल में पशु मंडी, किसान मेले की रही धूम
पंचायत प्रधान नीलम चंदेल ने खूंटी गाड़कर किया शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। नम्होल में पारंपरिक पशु मंडी एवं किसान मेले का शुभारंभ बीडीटीएस के प्रधान नीलम चंदेल ने खूंटी गाड़कर किया। शुभारंभ से पहले मंदिर में विधिवत पूजा अर्चना की गई। नम्होल चौक से शोभायात्रा सब्जी मंडी बाजार होते हुए मेला ग्राउंड तक पहुंची ,जहां बैलों की पूजा के साथ खूंटा गाड़ने की परंपरा निभाई गई।
मेला कमेटी ने मुख्यातिथि नीलम चंदेल को शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इसके अलावा उनके साथ पहुंचे अन्य अतिथियों को भी सम्मानित किया गया। मेले का शुभारंभ सरस्वती विद्या मंदिर एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नम्होल के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना से किया। बच्चों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। महिला मंडलों की प्रस्तुतियों ने भी माहौल को जीवंत बना दिया। मेले में किसानों, पशुपालकों और ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। विभिन्न नस्लों के सैकड़ों पशु , पहाड़ी बैल, गाय, भैंस और बछड़े मुख्य आकर्षण रहे। किसानों ने आपसी बातचीत के दौरान कृषि और पशुपालन से जुड़ी नई तकनीकों की जानकारी साझा की। कृषि एवं पशुपालन विभाग के स्टॉलों में आधुनिक तकनीक, रोग नियंत्रण और पशु चारे की जानकारी दी गई। बीडीटीएस प्रधान नीलम चंदेल ने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आत्मा हैं। इससे किसानों और पशुपालकों को प्रोत्साहन मिलता है तथा परंपराएं जीवित रहती हैं।