झंडूता उपमंडल में विशेष आपदा राहत पैकेज के तहत दी गई सहायता
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता (बिलासपुर)। उपमंडल झंडूता में इस साल आपदा से प्रभावित परिवारों को नुकसान की भरपाई के लिए एसडीएम कार्यालय झंडूता से करीब 2.15 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई है। यह राशि विशेष राहत पैकेज के तहत जारी की गई है।
झंडूता में 206 प्रभावित परिवारों के पक्के और कच्चे रिहायशी मकानों और पशु शालाओं के पूर्ण और आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त होने पर सरकार की ओर से इन परिवारों को बड़ी राहत मिली है। इससे पहले कच्चे और पक्के रिहायशी मकानों की क्षति पूरी करने के लिए आंशिक रूप से पक्के मकान के नुकसान पर 12,500 रुपये, जबकि कच्चे मकान और पशु शालाओं के नुकसान के लिए 10 हजार की राहत राशि मुहैया कराई जाती थी। इस बार सरकार ने 25 जून से 30 सितंबर तक विशेष राहत पैकेज के तहत इस राशि को बढ़ाकर पक्के मकान की क्षति पूरी करने के लिए 1.20 लाख और कच्चे मकान और पशुशाला के लिए एक लाख रुपये की भरपाई की है। वहीं पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हुए मकानों के लिए सात लाख की राशि जारी की है। आपदा से पीड़ित नौ परिवारों जो राहत शिविरों में ठहरे हुए थे, उनको विभाग ने प्रत्येक पीड़ित परिवार को राहत सामग्री और सरकार की ओर से पांच हजार रुपये किराया और निशुल्क एलपीजी कनेक्शन वितरित किए हैं। इसके अलावा पीड़ित परिवारों को 53 तिरपाल भी उपलब्ध करवाए हैं। उपमंडलाधिकारी नागरिक झंडूता योग राज धीमान ने बताया कि 25 जून से 30 सितंबर 2023 तक बरसात के मौसम में आई भयंकर आपदा से प्रभावित परिवारों को सरकार के विशेष राहत पैकेज के नियमानुसार राशि हस्तांतरित की है। इससे प्रभावित परिवारों को बड़ी राहत मिली है।