इमर्ज-2026 महोत्सव में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने की घोषणा, आधुनिक ऑडिटोरियम भी बनेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज बंदला में रविवार को तकनीकी एवं सांस्कृतिक महोत्सव इमर्ज-2026 आयोजित किया गया। इसमें तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने बताया कि कॉलेज में विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए एआई एडवांस लैब स्थापित की जाएगी। इसके अलावा आधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण भी प्रस्तावित है।
महोत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने तकनीकी प्रतिभा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से अपनी रचनात्मकता दिखाई। विद्यार्थियों से संवाद करते हुए मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शोध, अनुसंधान और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध करवा रही है। राज्य नवाचार नीति-2026 और दो करोड़ रुपये के राज्य नवाचार कोष के माध्यम से विद्यार्थियों के नए विचारों को प्रोटोटाइप में विकसित करने और स्टार्टअप को सीड फंडिंग देने की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि जलविद्युत, पर्यावरण संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा, आपदा प्रबंधन और जल गुणवत्ता जैसे क्षेत्रों में शोध परियोजनाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं इनोवेशन प्रोजेक्ट योजना के तहत युवाओं को वित्तीय सहायता के साथ प्रशिक्षण, मेंटरशिप और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है।
राजेश धर्माणी ने कहा कि तकनीकी शिक्षण संस्थानों को केवल डिग्री देने तक सीमित नहीं रहना चाहिए। विद्यार्थियों को नई तकनीकों और उत्पादों के विकास के साथ समाज की समस्याओं के समाधान के लिए भी काम करना चाहिए। युवाओं को नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार देने वाले उद्यमी बनने की दिशा में प्रयास करने चाहिए।
इस अवसर पर हिमुडा के निदेशक मंडल के सदस्य जितेंद्र चंदेल, सीडब्ल्यूसी सदस्य निर्मला राजपूत, पूर्व जिला परिषद सदस्य राजेंद्र पाल ठाकुर एवं गौरव शर्मा, ग्राम पंचायत सिहड़ा के प्रधान दयानंद, वार्ड सदस्य रतन लाल, एसडीएम राज कुमार और डीएसपी मदन धीमान सहित अन्य उपस्थित रहे।