कन्या पाठशाला में 70 परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा, कुल्लू के छात्र भी परीक्षा देने पहुंचे बिलासपुर
भविष्य के सपनों को पूरा करेंगे विद्यार्थी, बिलासपुर में दिखा गजब का उत्साह
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बच्चों के सपनों को उड़ान देने के उद्देश्य से अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से संचालित अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा-2023 देने के लिए बिलासपुर में छात्र-छात्राओं में भारी उत्साह देखा गया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या बिलासपुर में बनाए परीक्षा केंद्र में 70 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस परीक्षा के लिए इतना उत्साह रहा कि दो छात्र कुल्लू के कसोल और बंजार से भी परीक्षा में भाग लेने बिलासपुर पहुंचे। बच्चों के साथ अभिभावक भी काफी उत्साहित दिखाई दिए।
परीक्षा के लिए जिले के झंडूता,डंगार, घुमारवीं, बिलासपुर शहर आदि क्षेत्रों विद्यार्थी पहुंचे। कुल्लू के कसोल और बंजार से आए दोनों छात्र बस से बिलासपुर आए। एक छात्र के साथ उसके पिता भी थे, जबकि एक छात्र अकेला ही परीक्षा देने पहुंचा। सुबह 9:00 बजे से ही छात्र और छात्राएं अपने अभिभावकों के साथ परीक्षा केंद्र पर पहुंचना शुरू हो गए थे। परीक्षा 11:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चली। 9वीं कक्षा के तीन, 10वीं कक्षा के 12, 11वीं कक्षा 43 और 12वीं कक्षा के 12 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा देने के बाद छात्र-छात्राओं ने कहा कि यह परीक्षा भविष्य में काफी फायदेमंद होगी। परीक्षा के सफल संचालन के लिए कन्या पाठशाला बिलासपुर के प्रबंधन का विशेष योगदान रहा। अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति योजना का मुख्य उद्देश्य देश के छात्रों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहन देना है। बहुत से छात्र, जिनके परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर नहीं होने के कारण उन्हें अपने शिक्षण शुल्क का भुगतान करने में आर्थिक समस्या का सामना करना पड़ता है। ऐसे बच्चों के सपनों में आर्थिक स्थिति बाधा न बने, इसलिए अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति योजना की शुरुआत की गई है।
इनसेट
परीक्षा देने का अनुभव अच्छा रहाझंडूता की बरोहा पाठशाला में पढ़ती हूं। पहली बार छात्रवृत्ति परीक्षा देने का अनुभव अच्छा रहा। ऐसी परीक्षाओं में किस तरह के प्रश्न पूछे जाते हैं, इसकी जानकारी मिली। इसका आगे की परीक्षाओं में जरूर लाभ मिलेगा।
- शिवानी राणा, 9वीं कक्षा
इनसेट
ऑनलाइन माध्यम से की तैयारी
राजकीय कन्या पाठशाला बिलासपुर में पढ़ती हूं। अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए उत्साहित थी। ऑनलाइन माध्यम से इसकी तैयारी भी की थी। इस परीक्षा को देकर आत्मविश्वास और भी बढ़ा है।
- वैष्णवी, 11वीं कक्षा
इनसेट
छात्रवृत्ति मिलने की पूरी उम्मीद
राजकीय पाठशाला डंगार में पढ़ती हूं। जब इस छात्रवृति परीक्षा के बारे में पता चला तभी इसे देने का मन बना लिया था। परीक्षा देने का अनुभव बहुत अच्छा रहा। पेपर आसान था। छात्रवृत्ति मिलने की पूरी उम्मीद है।
- आंचल, 11वीं कक्षा
इनसेट
पेपर हल करने में आया मजा
इस छात्रवृति योजना की जानकारी पापा ने दी। पापा ने ही परीक्षा की भी तैयारी कराई। पेपर में सामान्य ज्ञान, इतिहास, अंग्रेजी आदि के प्रश्न आए थे, जिन्हें हल करने में काफी मजा आया।
- प्रियांशु ठाकुर, 11वीं कक्षा
-नहीं लगाएं-कोआर्डिनेशन-
छात्रवृति से लूंगा कोचिंग
कुल्लू के कसोल में घर है। ढालपुर पाठशाला में पढ़ाई कर रहा हूं। स्कूल में शिक्षकों ने छात्रवृत्ति की जानकारी दी। यदि यह छात्रवृत्ति मिलती है तो 12वीं कक्षा के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग लूंगा।
- विश्वास ठाकुर, 11वीं कक्षा
इनसेट
सुबह 5 बजे चला था घर से
कुल्लू के बंजार में घर है। सुबह 5 बजे घर से निकला था और अकेला बिलासपुर पहुंचा हूं। वाणिज्य संकाय में पढ़ाई कर रहा हूं। यदि छात्रवृत्ति मिलती है तो बैंक की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग लूंगा।
- मेघ सिंह, 12वीं कक्षा