बिलासपुर में उपायुक्त को उत्तर पुस्तिका छेड़छाड़ मामले को लेकर ज्ञापन देते झंडूता के बच्चे व अभ
बच्चों ने अभिभावकों सहित राज्यपाल, मुख्यमंत्री को प्रेषित किया ज्ञापन
बच्चों ने आरटीआई के माध्यम से प्राप्त की हैं उत्तर पुस्तिकाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। शिक्षा खंड झंडूता की राजकीय उच्च पाठशाला ज्योरा के बच्चों ने मार्च-2025 में हुई बोर्ड की दसवीं कक्षा के ड्राइंग विषय की उत्तर पुस्तिकाओं से छेड़छाड़ के आरोप लगाए हैं। बच्चों ने अभिभावकों के साथ उपायुक्त बिलासपुर के माध्यम से राज्यपाल और मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया।
बच्चों में श्रेष्ठा भारती, अंजली, शालिनी, निधि ने बताया कि उन्होंने मार्च में दसवीं कक्षा की परीक्षाएं झंडूता स्कूल में दी थी, जब उनका परिणाम घोषित हुआ तो उन्हें ड्राइंग के अलावा सभी विषयों में अच्छे अंक आए। इस पर उन्होंने ड्राइंग में पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन किया। इसके बाद भी कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने आरटीआई के माध्यम से अपनी उत्तर पुस्तिकाएं मांगी। जब उन्हें उत्तर पुस्तिकाएं मिलीं तो वह हैरान हो गए क्योंकि उत्तर पुस्तिकाओं के साथ छेड़छाड़ की गई थी। इस संबंध में 9 अक्तूबर को धर्मशाला में बोर्ड सचिव से मिले और मामले से अवगत करवाया गया। इस घटनाचक्र पर बोर्ड सचिव को पत्र लिखकर पूछा तो उनका जवाब असंतोषजनक रहा। अभिभावकों ने कहा कि इससे उनके बच्चे बहुत परेशान हुए हैं और वह छात्रवृत्ति से भी वंचित हुए। अभिभावकों ने कहा कि ड्राइंग विषय की उत्तर पुस्तिकाओं से छेड़छाड़ से बच्चों की मेहनत पर पानी फिर गया है और इससे उनका मनोबल टूट गया है। बच्चों के साथ विश्वासघात हुआ है और उनके भविष्य पर प्रश्नचिन्ह लग गया है। इस प्रकरण की अतिशीघ्र उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच की जाए और संलिप्तों के खिलाफ त्वरित कठोर कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई भी परीक्षार्थी प्रभावित न है, अन्यथा जन आक्रोश के साथ आंदोलन होगा।