सुंदरनगर पुलिस ने दर्ज की जीरो एफआईआर, मामला जांच के लिए बिलासपुर सदर थाना भेजा
परिचित व्यक्ति पर खाने और शराब में नशीला पदार्थ मिलाने का आरोप
बेहोशी के बाद दुष्कर्म और अश्लील फोटो-वीडियो बनाने की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में महिला अपराध से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। सुंदरनगर पुलिस थाना में एक महिला ने बिलासपुर सदर क्षेत्र के रहने वाले अपने परिचित व्यक्ति पर होटल में पति-पत्नी को नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश करने, इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म करने और आपत्तिजनक फोटो व वीडियो बनाकर वायरल करने के आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत पर सुंदरनगर पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला बिलासपुर सदर थाना को जांच के लिए भेज दिया है।
पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि वह वर्तमान में अपने पति के साथ सुंदरनगर में रहती है। शिकायत के अनुसार 29 मई को बिलासपुर सदर क्षेत्र के रहने वाले एक परिचित व्यक्ति ने उसे और उसके पति को भवाणा-कांगू रोड स्थित एक होटल में मिलने के लिए बुलाया था। महिला ने आरोप लगाया कि होटल में बातचीत के दौरान उक्त व्यक्ति ने उनके खाने और शराब में कोई नशीला पदार्थ मिला दिया। इसका सेवन करने के बाद पति-पत्नी दोनों बेहोश हो गए। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि बेहोशी की हालत में आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और घटना के आपत्तिजनक फोटो व वीडियो अपने मोबाइल में बना लिए। महिला का आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने इन फोटो और वीडियो को एक महिला सहित अन्य परिचितों को भेज दिया। इससे उसकी और उसके परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है। महिला ने पुलिस से मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सुंदरनगर पुलिस ने शिकायत के आधार पर जीरो एफआईआर दर्ज की है। हालांकि शिकायत में बताई गई घटना बिलासपुर क्षेत्र से संबंधित है, इसलिए मामले की आगामी जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए केस सदर थाना बिलासपुर भेज दिया गया है। अब मामले की जांच बिलासपुर पुलिस द्वारा की जाएगी।