बिलासपुर में पुरानी तहसील के नजदीक सड़क पर ओवरटेक करते दो बसों के बीच फंसी पिकअप। स्रोत: जागरूक
टक्कर से तीनों वाहन क्षतिग्रस्त
बस स्टैंड के पास पुरानी तहसील के नजदीक हुआ हादसा, बाल-बाल बचे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिला मुख्यालय बिलासपुर में सोमवार को पिकअप और दो बसों के बीच टक्कर हो गई। यह हादसा बस स्टैंड के साथ लगते पुरानी तहसील के पास उस समय हुआ, जब पिकअप चालक ने एक बस को ओवरटेक करने की कोशिश की।
इसी दौरान सामने से दूसरी बस आ गई और पिकअप दोनों बसों के बीच फंस गई। इससे जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा। गनीमत रही कि दुर्घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही सिटी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे कर यातायात को सुचारू कराया।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया हादसा ओवरटेक के दौरान लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ है। एसपी संदीप धवल ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।