निदेशक ने शिकायतों के बाद आपातकालीन विभाग की व्यवस्थाओं में किया सुधार, मरीजों और तीमारदारों को राहत
हर दिन किया जा रहा निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। एम्स बिलासपुर में आपातकालीन सेवाओं की अव्यवस्थाओं को लेकर लगातार शिकायतों के बाद अब हालात बेहतर हो गए हैं। कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) दलजीत सिंह ने कुछ माह पहले कार्यभार संभाला और इसके बाद आपातकालीन व्यवस्था को सुधारा, ताकि मरीजों और तीमारदारों को परेशान न होना पड़े।
नई व्यवस्था के तहत अब इमरजेंसी ओपीडी में दो घंटे से अधिक किसी भी मरीज को नहीं रखा जा रहा है। समय सीमा के भीतर सभी जांच, उपचार और औपचारिकताएं पूरी कर मरीज को संबंधित वार्ड में शिफ्ट किया जा रहा है। कार्यकारी निदेशक डॉ. दलजीत सिंह पदभार ग्रहण के बाद हर दिन सुबह 9:30 बजे इमरजेंसी विभाग का निरीक्षण कर रहे हैं।
कि सबसे अधिक शिकायतें इसी विभाग से आ रहीं थीं। तीमारदार बताते थे कि मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिलता, डॉक्टरों तक पहुंचने में देरी होती है, जांच में लंबा इंतजार करना पड़ता है और आईपीडी में शिफ्ट होने में कई-कई घंटे लग जाते थे। कुछ मामलों में मरीज 10-20 घंटे तक इमरजेंसी में ही पड़े रहते थे, जिससे मरीजों और परिजनों दोनों की परेशानी बढ़ती थी।
नए निर्देश लागू होते ही इमरजेंसी कक्ष की कार्यप्रणाली में तेजी आई। डॉक्टरों और जूनियर रेजिडेंट्स को मरीजों की तत्काल देखभाल सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। तीमारदारों का कहना है कि पहले जहां उन्हें आधा दिन इमरजेंसी में बिताना पड़ता था, अब 1-2 घंटे में सभी औपचारिकताएं पूरी हो रही हैं।
100 से अधिक रेफर मरीज, 35 बेड का ट्रॉमा सेंटर
एम्स बिलासपुर में हर दिन 100 से अधिक मरीज मेडिकल कॉलेजों और जिला अस्पतालों से रेफर होकर पहुंचते हैं। इस बीच ट्रॉमा सेंटर केवल 35 बिस्तरों का है। इसलिए ट्रॉमा और आपातकालीन सेवाओं पर भारी दबाव है। जब इलाज में देरी होती थी, तो सीमित जगह में मरीजों को और अधिक परेशानी झेलनी पड़ती थी।
दो घंटे में शिफ्टिंग अनिवार्य
शिकायतों का संज्ञान लेते हुए कार्यकारी निदेशक ने इमरजेंसी विभाग को निर्देश दिया कि मरीज आते ही प्राथमिक जांच तुरंत शुरू की जाए। दो घंटे के भीतर सभी जरूरी जांच, मूल्यांकन और प्रक्रिया पूरी कर मरीज को संबंधित वार्ड, आईसीयू या विभाग में समयबद्ध तरीके से शिफ्ट किया जाए।
कम हुई भीड़
नई व्यवस्था लागू होने के बाद इमरजेंसी ओपीडी में सकारात्मक बदलाव दिखने लगे हैं। मरीजों को इलाज के लिए इंतजार नहीं करना पड़ रहा। शिफ्टिंग प्रक्रिया पहले से कई गुना तेज हुई। ट्रॉमा सेंटर पर दबाव नियंत्रित हुआ। अनावश्यक भीड़ कम हुई और परिजनों की परेशानियां घट गई हैं।