तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के बाद गंदम की फसल तबाह।
- फोटो : BILASPUR
घुमारवीं(बिलासपुर)। घुमारवीं के कुठेड़ा पंचायत के अधीन भेल, भगोट, मॉसोर, जोल्पलखी और घल्याणा में बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की गेहूं की फसल को काफी नुकसान हुआ है। किसानों ने इसके लिए मुआवजे की मांग की है।
किसान किशोर कटोच, प्रेम सिंह ठाकुर, कमल किशोर शर्मा, उमेश शर्मा, जोगिंदर सिंह भारद्वाज आदि ने बताया पिछले दो तीन दिन से हो रही तेज बारिश तथा ओलावृष्टि किसानों पर मुसीबत बन कर टूटी है। बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया है जिसके चलते गेहूं की फसल खराब होने के चलते किसानों को भारी क्षति हुई है।
उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी पूरी जमीन में गेहूं की फसल की बुआई की है मगर दो दिन से हो रही मूसलाधार बारिश और तूफान से उनकी पूरी फसल खेतों में बिछ गई है जिससे लगभग 90 प्रतिशत गेहूं बर्बाद हो चुकी है जिसका अब खड़ा होना असंभव है। उन्होंने विभाग से मांग की है कि उन्हें इसका उचित मुआवजा दिया जाए। इस बारे में हल्का पटवारी ने मौका देख कर आगे रिपोर्ट सौंप दी है।
कृषि अधिकारी राजीव लखनपाल ने कहा कि जल्दी ही मौके का जायजा लिया जाएगा और जो भी फसल का नुकसान हुआ है उसकी रिपोर्ट तैयार कर विभाग को सौंपी जाएगी ताकि पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा प्रदान किया जा सके।