-जिला मुख्यालय में विरोध प्रदर्शन करेंगे घुमारवीं, बिलासपुर और झंडूता का बार संघ
-संशोधन वापस नहीं होने तक जारी रहेगा आंदोलन
संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़ (बिलासपुर)। एडवोकेट एक्ट 1961 में प्रस्तावित संशोधन के विरोध में बिलासपुर जिले के अधिवक्ताओं ने आंदोलन तेज कर दिया है। घुमारवीं, बिलासपुर और झंडूता बार संघों की संयुक्त बैठक में वीरवार को जिला मुख्यालय में बड़े विरोध प्रदर्शन का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही अधिवक्ताओं ने अदालती कामकाज का बहिष्कार करने का फैसला भी किया। घुमारवीं अधिवक्ता संघ की बैठक प्रधान लेख राम नड्डा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि जब तक एडवोकेट एक्ट में प्रस्तावित संशोधन वापस नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
झंडूता बार संघ की बैठक उप प्रधान अजय नड्डा की अध्यक्षता में हुई, जिसमें भी जिला मुख्यालय में संयुक्त विरोध प्रदर्शन में भाग लेने का निर्णय लिया गया। बिलासपुर जिला बार संघ की प्रधान विजय ठाकुर की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह तय किया गया कि तीनों बार संघ मिलकर वीरवार को एक बड़ा विरोध प्रदर्शन करेंगे। संशोधन के विरोध में वीरवार को बिलासपुर, घुमारवीं और झंडूता में वकीलों ने अदालती कार्य नहीं करने का फैसला लिया है। अधिवक्ताओं ने साफ किया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती, उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।