- अभ्यर्थी 15 जुलाई तक कर सकते हैं आवेदन
-16 जुलाई को कॉलेज परिसर में होगी काउंसलिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर में शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिए बीए, बीकॉम, बीएससी और बीवॉक में दाखिले की प्रक्रिया 3 जून से शुरू हो जाएगी। अभ्यर्थी 15 जुलाई तक प्रवेश लेने के लिए आवेदन कर सकते हैं। सभी आवेदन ऑनलाइन ही भरे जाएंगे।
एडमिशन पोर्टल को 3 जून सुबह 10:00 बजे से खोल दिया जाएगा। सभी इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने फॉर्म के साथ जरूरी दस्तावेज लगाना अनिवार्य होगा। महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. पीएस कटवाल ने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रवेश के लिए सभी तैयारियां कर ली गई हैं। सभी कमेटी सदस्यों को निर्देश दिए गए हैं कि वह विद्यार्थियों को सभी प्रकार की जानकारी उपलब्ध करवाएं और उन्हें एडमिशन में होने वाली किसी भी प्रकार की दिक्कत से बचाएं। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में पहली बार विद्यार्थियों को एडमिशन कमेटी के सदस्यों के मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेंट्रलाइज्ड काउंसलिंग 16 जुलाई को महाविद्यालय परिसर में ही रखी जाएगी और देर शाम तक मेरिट सूची भी लगा दी जाएगी। सभी अभ्यर्थियों का काउंसलिंग में आना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने लड़कियों के उत्थान और विकास के लिए उनकी ट्यूशन फीस माफ कर रखी है, इसलिए फॉर्म भरते समय खास तौर पर लड़कियां अपना हिमाचली बोनाफाइड सर्टिफिकेट लगाएं। महाविद्यालय में अर्थशास्त्र की 140, एजूकेशन की 80, अंग्रेजी की 80, भूगोल की 140, हिंदी की 80, इतिहास की 80, पत्रकारिता एवं जनसंचार की 80, संगीत वादन/गायन की 80, फिजिकल एजुकेशन की 80, राजनीतिक शास्त्र की 80, पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन की 80, संस्कृत की 80, टूरिज्म एंड ट्रेवल की 80, कॉमर्स की 140, बॉटनी की 80, केमिस्ट्री की 140, कंप्यूटर साइंस की 80, गणित बीए और बीएससी की 140, भौतिक विज्ञान की 140, जूलॉजी की 80, बी वॉक रिटेल मैनेजमेंट की 40, बीवॉक हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म की 40 सीटें रखी गई हैं। 10 प्रतिशत सीट ईडब्ल्यूएस और एक सीट सिंगल गर्ल चाइल्ड के लिए सुरक्षित रखी गई है। इसके अलावा बाकी आरक्षित सीटों जैसे एससी, एसटी, कल्चर और खेल का लाभ अभ्यर्थी तभी उठा पाएंगे, जब उनके पास उसका प्रमाणपत्र उपलब्ध होगा। इच्छुक विद्यार्थी जिस भी आरक्षित सीट के लिए आवेदन कर रहे हैं। उसका प्रमाण पत्र जरूर लेकर आएं और उसे फॉर्म भरते समय वेबसाइट पर भी अपलोड करें। अधिक जानकारी अभ्यर्थी महाविद्यालय की वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं।