नगर परिषद और प्रशासन की संयुक्त टीम ने हटवाए अवैध शामियाने
त्योहारी भीड़ में फुटपाथ गायब, पैदल चलना हुआ था मुश्किल
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। घुमारवीं शहर में स्ट्रीट वेंडर के नाम पर लंबे समय से सड़कों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों पर हो रहे अतिक्रमण पर आखिरकार प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। त्योहारी सीजन की आड़ में लगाए गए अस्थायी शामियाने से बाजार के रास्ते संकरे हो गए थे, जिससे पैदल चलने वालों को मजबूरन सड़कों पर चलना पड़ रहा था और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया था।
इस गंभीर समस्या को अमर उजाला ने स्ट्रीट वेंडर की आड़ में खुलेआम अतिक्रमण शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर में प्रशासनिक लापरवाही, नियमों की अनदेखी और आम नागरिकों की परेशानियों को सामने रखा गया। खबर प्रकाशित होते ही सोमवार को नगर परिषद और प्रशासन हरकत में आया। नगर परिषद और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर उन रेहड़ी-फड़ी संचालकों पर कार्रवाई की, जिन्होंने अस्थायी व्यवस्था के नाम पर सड़कों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों पर अवैध कब्जा कर रखा था। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से लगाए गए शामियाने हटाए गए और बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण मुक्त मार्ग बहाल किए गए। खबर उजागर होने से पहले स्थिति यह थी कि त्योहारों के दौरान भारी भीड़ के बीच अतिक्रमण ने बाजार व्यवस्था को पूरी तरह चरमरा दिया था। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय दुकानदार लगातार शिकायत कर रहे थे, लेकिन उनकी आवाज पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा था।
सोमवार को हुई कार्रवाई के बाद स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने राहत की सांस ली। दुकानदारों का कहना है कि अतिक्रमण के कारण न केवल यातायात बाधित हो रहा था, बल्कि उनका व्यापार भी प्रभावित हो रहा था। नियमों का पालन करने वाले व्यापारी खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे थे, जबकि अवैध कब्जाधारी खुलेआम सरकारी जमीन पर कारोबार कर रहे थे।
नगर परिषद घुमारवीं के कार्यकारी अधिकारी खेम चंद वर्मा ने कहा कि स्ट्रीट वेंडरों को नियमानुसार ही व्यापार करने की अनुमति दी जाती है। सार्वजनिक स्थलों और फुटपाथों पर किसी भी तरह का अतिक्रमण स्वीकार्य नहीं है। सभी को कड़ी हिदायत दी गई है और फुटपाथ खाली करवा दिए गए हैं। आगे भी यदि कोई नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घुमारवीं से अमर उजाला में प्रकाशित खबर। संवाद