बैरी रजादियां में लगा कैंप, आठ लोगों को काट चुका था लावारिस कुत्ता
कुत्ते के आतंक के बाद प्रशासन ने उठाया कदम
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। ग्राम पंचायत बैरी रजादियां में कुत्ते के आतंक के बाद मंगलवार को लावारिस कुत्तों के वैक्सीनेशन के लिए कैंप लगाया गया। पशुपालन विभाग और नगर परिषद बिलासपुर की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर 20 कुत्तों को रैबीज रोधी वैक्सीन लगाई। इनमें 12 मादा और आठ नर कुत्ते शामिल रहे। नगर परिषद की डॉग कैचर टीम भी मौके पर मौजूद रही। पंचायत प्रधान जिम्मा देवी की अगुवाई में अभियान चलाया गया। पंचायत में पिछले दिनों एक कुत्ते ने आठ लोगों को काट लिया था। इसके बाद ग्रामीणों में कुत्तों को लेकर भय का माहौल बना हुआ था। प्रधान ने आशंका जताई थी कि कुत्ता रैबीज से संक्रमित था और उसने कई अन्य कुत्तों को भी काटा है। इससे अन्य लोगों और पशुओं के लिए भी खतरा बढ़ गया था। मामले को अमर उजाला ने 25 अगस्त के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद बीडीओ सदर ने मामले पर संज्ञान लेते हुए प्रभावित गांवों में तत्काल कार्रवाई, कुत्तों को पकड़ने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बीडीओ के निर्देश पर नगर परिषद की डॉग कैचर टीम और पशुपालन विभाग की टीम मंगलवार को मौके पर पहुंची और पंचायत के सहयोग से वैक्सीनेशन कैंप लगाया। कैंप में बीडीसी सदस्य निशा चंदेल, पशुपालन विभाग से महेंद्र, आरती शर्मा और सुमन कौर मौजूद रहीं। नगर परिषद की ओर से संदीप कुमार और आशीष कुमार ने डॉग कैचर टीम के साथ अभियान में सहयोग किया। पंचायत की ओर से वार्ड नंबर पांच की सदस्य प्रेम लता और वार्ड नंबर छह के राजकुमार भी मौके पर मौजूद रहे।
संक्रमित कुत्तों के उपचार की भी व्यवस्था
बीडीओ सदर विजय कुमार ने बताया कि पशुपालन विभाग से आग्रह करने के बाद प्रभावित क्षेत्र में कैंप लगाया गया। इसमें 20 कुत्तों का वैक्सीनेशन किया गया है। उन्होंने बताया कि रैबीज से संक्रमित लावारिस कुत्ते को मारा जा चुका है। इसके अलावा जिन कुत्तों को उसने काटा था, उनके उपचार और रैबीज रोधी वैक्सीन की भी व्यवस्था की जा रही है।
अमर उजाला में प्रकाशित खबर।- फोटो : सांकेतिक