-इस माह होगी वित्तीय साक्षरता कार्यशालाएं, प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों की बैठकें
-युवाओं, महिलाओं, किसानों के लिए नए रोजगार के अवसर देगा सहकार आंदोलन : एडीसी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 के उपलक्ष्य में जिले में सहकारी संस्थाओं और संगठनों के सहयोग से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस उद्देश्य से एडीसी डॉ. निधि पटेल की अध्यक्षता में जिला मुख्यालय में बैठक हुई। बैठक में जिला सहकारिता विभाग, पर्यटन विभाग, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक और अन्य सहकारी संस्थाओं के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में सहकारिता को मजबूत करने और स्थानीय समुदाय को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का वार्षिक कैलेंडर तैयार किया गया। इसमें वित्तीय साक्षरता, कृषि, जैविक खेती, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल प्रशिक्षण और सामुदायिक सेवा जैसे विषयों पर विशेष ध्यान दिया गया है। इस कैलेंडर के अनुसार फरवरी में वित्तीय साक्षरता कार्यशालाएं, प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों की बैठकें, सफाई अभियान और पौधरोपण होगा। मार्च में जैविक खेती जागरुकता अभियान, डिजिटल सशक्तिकरण प्रशिक्षण और महिला सशक्तिकरण कार्यशालाएं लगेंगी। अप्रैल में मत्स्य पालन, उचित मूल्य दुकान संचालन एवं पर्यटन से जुड़े प्रशिक्षण होंगे। मई में कृषि-बागवानी विस्तार शिविर और स्वयं सहायता समूहों के लिए ऑनलाइन विपणन प्रशिक्षण शिविर लगाए जाएंगे। जून में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और स्वास्थ्य शिविर लगेंगे। जुलाई में डिजिटल उपकरण प्रशिक्षण और सहकारी सदस्यों का सम्मान समारोह होंगे।
इसके अलावा अगस्त में स्वतंत्रता दिवस समारोह के साथ वित्तीय स्वतंत्रता कार्यशालाएं लगेंगी, सितंबर में सहकारी व्यापार मॉडल कार्यशालाएं, अक्तूबर में सहकारी उद्यमिता और युवा सहभागिता, नवंबर में सहकारिता सप्ताह का भव्य आयोजन, दिसंबर में पूरे वर्ष की गतिविधियों की समीक्षा बैठक होगी। बैठक के दौरान एडीसी डॉ. निधि पटेल ने कहा कि यह पहल सहकारी आंदोलन को सशक्त बनाने के साथ युवाओं, महिलाओं और किसानों के लिए नए अवसर उपलब्ध कराएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों और सहकारी संगठनों से कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया।