कहा-शहर में नालियों और जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करे नगर परिषद
स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर फॉगिंग अभियान चलाने को भी कहा
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। आगामी मानसून सीजन को देखते हुए उपमंडल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। संभावित प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए शनिवार को उपमंडलाधिकारी गौरव चौधरी की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और मानसून में सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम गौरव चौधरी ने लोक निर्माण विभाग को उपमंडल के भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और अन्य संवेदनशील स्थानों की पहचान कर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कें बंद होने की स्थिति में तत्काल बहाली के लिए सभी आवश्यक मशीनरी और उपकरण पूरी तरह तैयार एवं क्रियाशील रखें, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। नगर परिषद घुमारवीं को शहर की सभी नालियों और जल निकासी व्यवस्था की व्यापक सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, जिससे बरसात के दौरान जलभराव की समस्या न हो। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से नियमित फॉगिंग अभियान चलाने को भी कहा गया, ताकि मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम की जा सके। बैठक में स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए कि किसी भी क्षेत्र में संक्रामक बीमारी या अन्य असामान्य स्वास्थ्य स्थिति सामने आने पर इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दी जाए। एसडीएम ने लोगों से बरसात के मौसम में केवल उबला हुआ अथवा स्वच्छ पेयजल ही उपयोग करने की अपील भी की। जलशक्ति विभाग को पेयजल की गुणवत्ता बनाए रखने, जल भंडारण व्यवस्था सुरक्षित रखने, आवश्यकतानुसार ब्लीचिंग पाउडर का उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं, बिजली विभाग को विद्युत आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने, बिजली लाइनों के आसपास पेड़ों की समय पर कटाई-छंटाई करने और आपात स्थिति में शीघ्र बिजली बहाल करने की तैयारी रखने को कहा गया। एसडीएम ने पुलिस, होमगार्ड और अग्निशमन विभाग को मानसून के दौरान पूरी तरह सतर्क रहने, उपलब्ध संसाधनों के साथ हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। उन्होंने नदी-नालों के किनारे चेतावनी बोर्ड लगाने और लोगों को जागरूक करने पर भी जोर देते हुए कहा कि बरसात में जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, इसलिए लोग नदी-नालों के समीप जाने से बचें।
सांप के काटने पर अंधविश्वास न ले सहारा
बैठक में एसडीएम गौरव चौधरी ने सर्पदंश के बढ़ते मामलों को लेकर भी लोगों को सतर्क किया। उन्होंने कहा कि सांप के काटने पर किसी भी प्रकार के झोलाछाप या अंधविश्वास का सहारा लेने के बजाय तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान पहुंचें। उन्होंने बताया कि उपचार के लिए आवश्यक दवाइयां सभी स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध हैं।
आपात स्थिति में सहायता के लिए 01978-255227 करें संपर्क
एसडीएम ने लोगों से अपील की कि यदि कहीं पेड़ गिरने की आशंका हो या किसी अन्य कारण से जन-धन की हानि की संभावना दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित विभाग या प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। उन्होंने बताया कि मानसून के दौरान किसी भी प्राकृतिक आपदा या आपात स्थिति में सहायता के लिए लोग 24 घंटे संचालित आपदा नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 01978-255227 पर संपर्क कर सकते हैं।