250 से अधिक ठेकेदार-डीलरों ने लिया कार्यक्रम में भाग
तकनीकी संवाद से लेकर बुनियादी चैंपियन प्रतियोगिता तक बांधा समां
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। अदाणी ग्रुप की अंबुजा व एसीसी सीमेंट कंपनियों ने वीरवार को घुमारवीं में गौरव उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में जिले भर से 250 से अधिक ठेकेदारों और डीलरों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में अडाणी सीमेंट हिमाचल के तकनीकी सेवा प्रमुख रविश गर्ग, क्षेत्र प्रमुख कमल राणा, सीडीएम मनीष बेंजीवाल, तकनीकी अधिकारी मनीष कुमार, साहिल ठाकुर, देशराज और जितेंद्र पाल सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कंपनी की नवीनतम तकनीकों, उत्पादों की गुणवत्ता और बाजार में कंपनी की साख को लेकर विस्तृत जानकारी दी। रविश गर्ग ने बताया कि कंपनी एक दिन में 55 लाख सीमेंट बैग और एक घंटे में ढाई लाख बैग तैयार करती है। उन्होंने कहा कि ठेकेदारों को कंपनी द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे तकनीकी सूत्रों, गुणवत्ता नियंत्रण उपायों और उत्पादों के उपयोग विधियों पर विशेष ध्यान देना चाहिए ताकि निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनी रहे। कार्यक्रम के दौरान ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की तर्ज पर ‘कौन बनेगा बुनियादी चैंपियन’ प्रतियोगिता भी करवाई गई, जिसमें प्रतिभागियों से तकनीकी प्रश्न पूछे गए और सही जवाब देने वालों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले ठेकेदारों को मंच पर स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। आयोजन की सराहना करते हुए डीलरों और ठेकेदारों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम न केवल आपसी संबंधों को मजबूत करते हैं बल्कि उन्हें गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य के लिए भी प्रेरित करते हैं।