सीर खड्ड में अवैध खनन रोकने के एसडीएम ने खनन और लोक निर्माण विभाग को दिए हैं निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। घुमारवीं उपमंडल के तहत विभिन्न खड्डों में अवैध खनन पर अब प्रशासन ने नकेल कसनी शुरू कर दी है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद एसडीएम घुमारवीं गौरव चौधरी ने खनन विभाग और लोक निर्माण विभाग को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए। इसके बाद विभागीय टीम ने वीरवार को दाबला के समीप करयाला क्षेत्र में अवैध खनन के लिए बनाए गए चोर रास्तों को जेसीबी की मदद से बंद कर दिया।
जानकारी के अनुसार दाबला के पास सीर खड्ड में लंबे समय से अवैध खनन हो रहा है। शिकायतों में कहा जा रहा था कि खनन माफियाओं ने खुद पगडंडियां और अस्थायी सड़कें बनाकर रात-दिन खनन सामग्री को ट्रैक्टरों व छोटे वाहनों से बाहर ले जाने का नेटवर्क तैयार कर रखा था। इस पर संज्ञान लेते हुए एसडीएम ने तुरंत कार्रवाई करने के आदेश दिए। आदेशों के बाद खनन विभाग और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। टीम ने करयाला के पास सीर खड्ड तक जाने वाले तीन से चार चोर रास्तों को जेसीबी से बंद कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि आगे भी ऐसे सभी मार्गों की पहचान कर उन्हें पूरी तरह बंद किया जाएगा, ताकि खनन माफिया दोबारा सक्रिय न हो सके। कार्रवाई के दौरान सहायक खनन निरीक्षक सिंघ राम, खनन रक्षक जसवीर, श्रवण सहित विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे। विभाग का कहना है कि यह अभियान अब लगातार चलेगा और किसी भी खड्ड में अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।