दक्ष चालक, सुरक्षा शिरोमणि, वीर सारथी और दीर्घ सेवा श्रेणी में मिला सम्मान, स्वास्थ्य जांच भी हुई
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। अदाणी सीमेंट गागल प्रोजेक्ट में चालक दिवस पर सुरक्षित और जिम्मेदार वाहन संचालन करने वाले चालकों को सम्मानित किया गया। चालकों को दक्ष चालक, सुरक्षा शिरोमणि, वीर सारथी और दीर्घ सेवा समेत विभिन्न श्रेणियों में सम्मान दिया गया। इस दौरान चालकों ने सुरक्षित वाहन संचालन और कंपनी के सुरक्षा नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत चालक प्रबंधन केंद्र की रचना चौहान और एकता पवार ने चालकों का तिलक लगाकर स्वागत करने के साथ की। सम्मान मिलने पर चालकों में उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में चालकों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था भी की गई। इसके अलावा व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण किट और जलपान वितरित किया गया।
संयंत्र प्रमुख महावीर सिंह बोलिया ने सम्मानित चालकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सुरक्षित, अनुशासित और जिम्मेदार वाहन संचालन में चालकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। कंपनी प्रबंधन ने कहा कि चालक औद्योगिक संचालन और सड़क सुरक्षा के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके योगदान को प्रोत्साहित करने के लिए चालक दिवस पर सम्मान की परंपरा आगे भी जारी रखी जाएगी।
जिला इंटक उपाध्यक्ष शिव सिंह वर्मा ने चालकों को नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने की सलाह दी। उन्होंने परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और गंदगी नहीं फैलाने का आग्रह किया। साथ ही चाय के लिए प्लास्टिक के लिफाफों का इस्तेमाल न करने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देने की अपील की।