दधोल के पास गलत दिशा में जाकर कार को मारी टक्कर, हादसे के बाद चालक हुआ था फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। शिमला-मटौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दधोल के पास कार को टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हुए मवेशियों से भरे ट्रक के चालक और हेल्पर को भराड़ी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में ट्रक पर गलत नंबर प्लेट लगी होने के साथ ही उसमें क्षमता से अधिक संख्या में बैल ले जाए जाने का खुलासा हुआ है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच तेज कर दी है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया जहां से उन्हें दो दिन की रिमांड पर भेज दिया गया है।
मंगलवार को दधोल के पास एक ट्रक ने गलत दिशा में जाकर कार को टक्कर मार दी। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही भराड़ी पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू की। पुलिस को ट्रक की नंबर प्लेट को लेकर संदेह हुआ। छानबीन करने पर ट्रक पर लगी नंबर प्लेट गलत पाई गई। इसके बाद पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें क्षमता से अधिक संख्या में बैल पाए गए। मवेशियों को इस तरह से ले जाने पर पुलिस ने पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक फयाज मुस्ताक (26) निवासी थाथरका, तहसील गूल, जिला रामबन, जम्मू-कश्मीर और हेल्पर बरकत अली (32) निवासी राजपुरा, तहसील मरह, जिला जम्मू को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। भराड़ी थाना में दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रक पर गलत नंबर प्लेट क्यों लगाई गई थी, बैलों को कहां से लाया गया था और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था।
कोट
पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और मवेशियों की ढुलाई से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।