तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने जामली निवासी को पकड़ा, पूछताछ जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पुलिस थाना सदर बिलासपुर की टीम ने जामली मेन मार्केट में खड़े ट्रक में आग लगाने के मामले को सुलझाते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बलबंत सिंह निवासी जामली, तहसील सदर, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार जामली मेन मार्केट में खड़े ट्रक में आग लगाए जाने की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया था। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कथित तौर पर अपने ही परिवार के वाहन को भाई के साथ चल रही रंजिश के चलते आग लगाई। बताया जा रहा है कि यह वाहन परिवार की ओर से आरोपी के एक भाई को चलाने के लिए दिया गया था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि घटना के पीछे आपसी विवाद की वजह क्या थी और आग लगाने की योजना किस तरह बनाई गई। पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और आग लगाने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वारदात में आरोपी के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।
पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में परिवार के भीतर आपसी रंजिश के चलते वाहन में आग लगाए जाने की बात सामने आई है। मामले के अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।