पुलाचड में ट्रक हादसे चालक को बाहर निकालकर सडक तक पहुंचाते लोग।
- फोटो : BILASPUR
स्वारघाट(बिलासपुर)। नेशनल हाईवे चंडीगढ़ -मनाली पर शुक्रवार सुबह स्वारघाट से पांच किमी दूर पुलाचड़ स्थान पर एक क्लिंकर से लोड ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 150 फीट गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है।
क्लिंकर में दबे घायल चालक को पीएचसी स्वारघाट की 108 एंबुलेंस के माध्यम से प्राथमिक चिकित्सा केंद्र स्वारघाट लाया गया है। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे एफआरयू नालागढ़ के लिए रेफर कर दिया गया। चालक की पहचान प्रवीण कुमार पुत्र केवल कृष्ण गांव व डाकघर बैहल तहसील श्री नयना देवी जी जिला बिलासपुर के रूप में हुई।
जानकारी के अनुसार चालक प्रवीण कुमार अपने ट्रक नंबर एचपी 24 सी 8551 में बिलासपुर के बरमाणा से क्लिंकर लोड कर पंजाब के घनोली की तरफ जा रहा था। जब ट्रक स्वारघाट से करीब पांच किमी दूर पुलाचड स्थान पर बने एक तीखे मोड़ पर पहुंचा तो ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 150 फीट गहरी खाई में जा गिरा। जोर से हुए धमाके की आवाज सुनकर स्थानीय लोग और अन्य वाहन चालक खाई में गिरे ट्रक की तरफ दौड़ और क्लिंकर के नीचे दबे चालक को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला तथा 108 एंबुलेंस के माध्यम से उसे प्राथमिक चिकित्सा केंद्र स्वारघाट लाया गया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस थाना स्वारघाट की टीम भी मौके पर पहुंची है और टीम द्वारा आगामी कार्यवाही शुरू कर दी गई है। हादसे में चालक की जान बच गई, लेकिन ट्रक लगभग टोटल लॉस हो गया है।