दुकान की ओर पैदल जा रहे थे रूप लाल, गंभीर हालत में एम्स में तोड़ा दम
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। भराड़ी थाना क्षेत्र के तहत शिमला-मटौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दधोल पुल के समीप मंगलवार सुबह हुए सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत हो गई। सड़क किनारे पैदल दुकान की ओर जा रहे बुजुर्ग को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को पहले सिविल अस्पताल घुमारवीं और बाद में एम्स बिलासपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान रूप लाल (65) निवासी गांव दाबला, तहसील घुमारवीं के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से दधोल में अपने रिश्तेदार के घर आए हुए थे। मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे वह घर से कुछ सामान लेने के लिए पैदल नजदीकी दुकान की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह दधोल पुल के समीप पहुंचे, डंगार की ओर से आ रही एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि रूप लाल कई फुट दूर सड़क पर जा गिरे। उनके सिर पर गंभीर चोट लगी और काफी खून बह गया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए उन्हें सिविल अस्पताल घुमारवीं पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया। एम्स में डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शी सीमा देवी ने बताया कि कार गलत दिशा में आ रही थी। उन्होंने कहा कि टक्कर इतनी तेज थी कि बुजुर्ग हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे और मौके पर ही बेहोश हो गए। उनके सिर से लगातार खून बह रहा था। स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस और पुलिस को सूचना देकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया। हादसे की सूचना मिलते ही भराड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक विशाल वर्मा ने बताया कि दधोल पुल के समीप हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।