अनियंत्रित बाइक पैरापिट से टकराई, छात्र की मौत, एक घायल
घुमारवीं के पट्टा चौक पर हादसा, एनएसयूआई का कॉलेज कैंपस अध्यक्ष था मृतक
हमीरपुर के बड़सर तहसील के निवासी हैं हादसे के शिकार युवक
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं में राष्ट्रीय उच्च मार्ग-103 पर पट्टा चौक पर बाइक अनियंत्रित होकर पैरापिट से टकरा गई। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक घुमारवीं के कलरी कॉलेज से अपनी बाइक पर दोस्त के साथ घुमारवीं बाजार की तरफ आ रहा था। युवक चालान का भुगतान करने के लिए वकील के पास आ रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
मृतक युवक की पहचान अभिषेक राणा (19) पुत्र पुष्पविंदर निवासी गांव एवं डाकघर बरोटी तहसील बड़सर जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। यश कालिया पुत्र धनु राम गांव एवं डाकघर समताना तहसील बड़सर जिला हमीरपुर गंभीर रूप से घायल हुआ है। यश कालिया को इलाज के लिए क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर रेफर कर दिया गया है। दोनों घुमारवीं कॉलेज के छात्र हैं। जिस युवक की मौत हुई है वह एनएसयूआई का कॉलेज कैंपस अध्यक्ष था। घुमारवीं थाना पुलिस ने मामला दर्ज लिया है। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। डीएसपी अनिल ठाकुर ने हादसे की पुष्टि की है। कहा कि सड़क दुर्घटना में एक बाइक सवार युवक की मौत हुई है। एक अन्य युवक घायल हुआ है।