स्वारघाट (बिलासपुर)। राष्ट्रीय उच्च मार्ग-205 चंडीगढ़-मनाली पर वीरवार देर रात स्वारघाट से तीन किलोमीटर दूर पंजपीरी में तीन वाहनों में टक्कर हो गई। एक ट्रक ने ओवरटेक करते समय आगे चल रहे ट्रक को टक्कर मार दी। इससे आगे जा रहा ट्रक एक कार से टकरा गया। कार सवार सैलानी बाल-बाल बचे। हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
मिली जानकारी अनुसार हादसे में जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन कार को काफी क्षति पहुंची है। हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की कतारें लग गईं। नया साल मनाने कुल्लू-मनाली और शिमला जाने वाले पर्यटकों को करीब डेढ़ से दो घंटे तक परेशानियों का सामना करना पड़ा। पुलिस थाना स्वारघाट की पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। ट्रक चालक के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है।