स्वारघाट (बिलासपुर)। राष्ट्रीय उच्च मार्ग चंडीगढ़-मनाली पर स्वारघाट से करीब पांच किलोमीटर दूर धारकांशी में कैंटर ने ओवरटेक करते समय आगे जा रही स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार बुरी तरह से घायल हो गया है। हादसे में स्कूटी कैंटर के नीचे फंस गई। गनीमत यह रही कि स्कूटी सवार सड़क की तरफ गिर गया और कैंटर साइड से निकल गया। स्कूटी सवार की पहचान रोशन लाल (45) पुत्र शुंका राम निवासी गांव नेराकुण्ड डाकघर तन्बौल तहसील नयनादेवी जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। घायल रोशन लाल को 108 एंबुलेंस में एफआरयू नालागढ़ ले जाया गया है।
जानकारी के अनुसार कैंटर एमपीजीएच 09-0192 स्वारघाट से बिलासपुर की तरफ जा रहा था। स्कूटी सवार स्वारघाट से अपने घर नेराकुण्ड जा रहा था। दोनों वाहन धारकांशी में आगे-पीछे चल रहे थे। एक तीखे मोड़ पर ओवरटेक करते समय आगे जा रही स्कूटी एचपी91-0689 को कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार बुरी तरह से घायल हो गया। सूचना मिलने के बाद स्वारघाट पुलिस और पीएचसी स्वारघाट की 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल रोशन लाल को 108 एंबुलेंस में प्राथमिक उपचार देने के बाद एफआरयू नालागढ़ ले जाया गया।