बिलासपुर कॉलेज में सांकेतिक भूख हड़ताल पर बैठे एबीवीपी के कार्यकर्ता। स्रोत: एबीवीपी
बिलासपुर कॉलेज परिसर में नारेबाजी, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने बुधवार को राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर में 24 घंटे की भूख हड़ताल शुरू कर दी। इससे पहले परिषद ने इसी मुद्दे को लेकर कॉलेज परिसर में धरना-प्रदर्शन किया था। मांगों पर कार्रवाई न होने से नाराज कार्यकर्ता अब अनशन पर बैठ गए हैं।
इकाई अध्यक्ष देवार्य के नेतृत्व में कार्यकर्ता सुबह कॉलेज गेट पर एकत्र हुए और नारेबाजी की। परिषद पदाधिकारियों ने कहा कि छात्र संघ चुनाव लोकतांत्रिक व्यवस्था का अभिन्न हिस्सा है, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी बात रखने का मंच मिलता है। लंबे समय से चुनाव न होने से छात्र नेतृत्व का विकास प्रभावित हो रहा है। एबीवीपी ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र चुनाव प्रक्रिया बहाल नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। परिषद ने आरोप लगाया कि छात्र हितों की लगातार अनदेखी की जा रही है। इसके अलावा कार्यकर्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को भी उठाया। परिषद ने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड को समाप्त करने के प्रयासों पर रोक लगाने की मांग की। उनका कहना था कि शिक्षा से जुड़े किसी भी निर्णय में विद्यार्थियों के भविष्य को सर्वोपरि रखा जाना चाहिए। एबीवीपी ने सरकार से नौकरियों के झूठे दावे बंद कर स्थायी पद सृजित करने की भी मांग की। इकाई अध्यक्ष देवार्य ने कहा कि परिषद शांतिपूर्ण तरीके से छात्र हितों की लड़ाई लड़ रही है, लेकिन यदि मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं हुई तो जिला स्तर पर बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा।