बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सेक्टर-49 से पकड़ा
तकनीकी जांच और लगातार ट्रैकिंग से मिली सफलता
चोरी और सेंधमारी के मामले में वांछित थी आरोपी
न्यायालय ने 14 अक्टूबर 2025 को घोषित किया था उद्घोषित
ढाई साल पुराने मामले में लंबे समय से पुलिस को दे रही थी चकमा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस ने चोरी और सेंधमारी के मामले में लंबे समय से फरार चल रही एक उद्घोषित अपराधी महिला को चंडीगढ़ से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी महिला पिछले काफी समय से पुलिस को चकमा देकर अलग-अलग स्थानों पर रह रही थी, लेकिन तकनीकी जांच, गुप्त सूचनाओं और लगातार निगरानी के बाद पुलिस टीम ने उसे आखिरकार गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार थाना सदर बिलासपुर में वर्ष 2023 में चोरी और सेंधमारी से संबंधित एक मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान गांव देलग, डाकघर नसवाल, जिला बिलासपुर निवासी शिवानी पत्नी बृजेश महाजन का नाम सामने आया था। पुलिस की ओर से कई बार नोटिस और कार्रवाई के बावजूद आरोपी जांच में शामिल नहीं हुई और लगातार फरार चलती रही। आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस ने न्यायालय में रिपोर्ट प्रस्तुत की थी। इसके बाद न्यायालय ने 14 अक्तूबर 2025 को आरोपी महिला को उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया था। अदालत से उद्घोषित अपराधी घोषित होने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश और तेज कर दी थी। बताया जा रहा है कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रही थी। इसी बीच पुलिस को तकनीकी माध्यमों और गुप्त सूचना के जरिए उसके चंडीगढ़ में होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही बिलासपुर पुलिस की टीम ने चंडीगढ़ के सेक्टर-49 स्थित डायनासोर पार्क क्षेत्र में दबिश दी और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर आगामी कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। वहीं डीएसपी मुख्यालय मदन धीमान ने साफ किया है कि जिले में फरार आरोपियों, उद्घोषित अपराधियों और अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि कानून से बचने की कोशिश करने वाले आरोपियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।