खच्चर लेकर जा रहा था घर, जांच जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पुलिस थाना तलाई क्षेत्र के तहत बल्ही बरड़ में एक 21 वर्षीय युवक की ढांक से गिरने के कारण दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पारस मन्हास पुत्र जगदीश चंद निवासी गांव बेहना ब्राह्मणा तहसील झंडूता जिला बिलासपुर खच्चरों के जरिए सामान ढोने का कार्य करता था। सोमवार रात पुलिस थाना घुमारवीं से थाना तलाई को सूचना मिली कि एक युवक को गंभीर अवस्था में सिविल अस्पताल घुमारवीं लाया गया है, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार 23 फरवरी की रात करीब 8 बजे धर्म सिंह निवासी बाड़ी मझेड़वां का फोन आया कि पारस खच्चरों को लेकर बरड़ से बाड़ी मझेड़वां नहीं पहुंचा है और उसका फोन भी नहीं उठ रहा। इसके बाद शम्मी कुमार व शुभम उसकी तलाश में पैदल बरड़ की ओर निकले। रास्ते में पानी के नाले के पास तीनों खच्चर अकेले आते दिखाई दिए, जबकि पारस उनके साथ नहीं था। जब वे बल्ही बरड़ पुली के पास पहुंचे तो पारस सड़क किनारे गिरा हुआ मिला। उसके सिर के पिछले हिस्से से खून बह रहा था और वह बेहोश अवस्था में पड़ा था। उसे तुरंत एंबुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल घुमारवीं पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में आशंका जताई है कि पारस का पैर फिसलने से वह सड़क किनारे ढांक से नीचे गिर गया, जिससे सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि मामले की जांच जारी है।