सदर थाना के तहत कंदरौर के पास हुआ हादसा
पुलिस ने मामला दर्ज की शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पुलिस थाना सदर के तहत कंदरौर में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें में 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब एक अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
पुलिस को दिए बयान में कंदरौर निवासी विशाल कुमार ने बताया कि 22 अप्रैल की रात करीब 12 बजे वह अपने घर/दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान कंदरौर की ओर से आ रही एक स्कूटी को पीछे से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार युवक सड़क पर गिर गया। घटना की आवाज सुनकर जब वह मौके पर पहुंचे तो स्कूटी चालक सड़क पर गिरा हुआ था, जिसकी पहचान विशाल ठाकुर (23) पुत्र सुभाष चंद निवासी अमरपुर, तहसील घुमारवीं के रूप में हुई। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए एम्स बिलासपुर ले जाया गया। एम्स में चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी है। पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि मामले की जांच जारी है।