दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ घटना का वीडियो
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। बस अड्डा घुमारवीं में मंगलवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब मामूली कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला बस कंडक्टर को चप्पल से पीटती नजर आई। दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर पुलिस थाना घुमारवीं में मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार बस कंडक्टर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि बस अड्डा पर एक महिला और उसकी भाभी ने उसके साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और उसके कपड़े तक फाड़ दिए। कंडक्टर का आरोप है कि इस दौरान उसके गले की सोने की चेन भी गायब हो गई। साथ ही, घटना का वीडियो वायरल होने से उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। वहीं मामले में दूसरा पक्ष भी सामने आया है। उक्त महिला ने बताया कि यह घुमारवी बस अड्डा पर अपने मायके जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी तो निजी बस के कंडक्टर ने इसके साथ गलत इशारे किए, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद बस अड्डे पर मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिला गुस्से में कंडक्टर को चप्पल से पीट रही है, जबकि आसपास लोग तमाशबीन बने हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर अलग-अलग धाराओं में मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि मामले की जांच जारी है।