श्री नयना देवी जी में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु। संवाद
छुट्टी के चलते सुबह से ही लगीं लंबी कतारें, दोपहर बाद भीड़ सेक्टर-3 तक पहुंची
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। शक्तिपीठ नयना देवी मंदिर में रविवार को आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। छुट्टी के चलते प्रदेश सहित पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। दिनभर में करीब 35 हजार श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर के कपाट सुबह चार बजे ही दर्शनार्थ खोल दिए गए थे, लेकिन तड़के से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। दोपहर की आरती के बाद श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़कर सेक्टर-3 तक पहुंच गई। बावजूद इसके, व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चलती रहीं। मंदिर में तैनात सुरक्षा होमगार्ड इंचार्ज परमजीत सिंह ने बताया कि भीड़ पर नियंत्रण बनाए रखा गया और किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने दी गई। वहीं, मंदिर अधिकारी चतर सिंह रनौत के अनुसार शाम छह बजे तक करीब 28,500 श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे, जबकि देर रात तक यह आंकड़ा 35 हजार के पार पहुंच गया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समाजसेवी संस्थाएं भी आगे आईं। मंदिर के मुख्य द्वार पर पंजाब के बस्सी पठाना की संस्था द्वारा जल सेवा का आयोजन किया गया, जबकि निकास द्वार पर रोपड़ की संस्था ने ठंडे पेयजल की व्यवस्था कर श्रद्धालुओं को राहत पहुंचाई। भीषण गर्मी के बीच इस सेवा से श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली। मंदिर प्रशासन के अनुसार, सुरक्षा कर्मी पूरे दिन मुस्तैद रहे, जिससे भारी भीड़ के बावजूद दर्शन व्यवस्था सुचारू बनी रही।