घुमारवीं की आदर्श कॉलोनी के एक घर के नल से निकला सांप की कैंचुली जैसा तत्व। संवाद
लोगों ने जल शक्ति विभाग से जांच की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी(बिलासपुर) घुमारवीं शहर की आदर्श कॉलोनी में उस समय सनसनी फैल गई जब एक मकान में लगे पेयजल नल से सांप की केंचुली जैसा प्रतीत होने वाला एक अजीब चीज निकली। रविवार दोपहर हुई इस घटना ने लोगों को हैरान और चिंतित कर दिया है। पानी के साथ निकले इस संदिग्ध तत्व को देखकर लोगों में दहशत का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और जल शक्ति विभाग से जांच की मांग की गई है।
आदर्श कॉलोनी निवासी मुकेश चंदेल ने बताया कि उनके मकान में किरायेदार राकेश ठाकुर अपने परिवार के साथ रहते हैं। रविवार को जब राकेश की पत्नी ने रोज़ाना की तरह नल खोला तो उसमें से पानी के साथ एक अजीब सा पदार्थ निकलने लगा। धीरे-धीरे नल से पानी का प्रवाह भी कम होता गया। जब पानी की टोंटी को खोलकर देखा गया तो उसमें भारी मात्रा में यह अजीब तत्व जमा मिला, जिसे निकालने पर वह सांप की केंचुली जैसा प्रतीत हुआ। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। सभी ने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कई सवाल खड़े कर दिए। लोगों के मुताबिक इसकी गहराई से जांच होनी चाहिए।
मुकेश चंदेल ने बताया कि जिस नल से यह संदिग्ध तत्व निकला है, वह जल शक्ति विभाग की सीधी सप्लाई से जुड़ा है। इसका अर्थ यह है कि समस्या जलापूर्ति के स्रोत या पाइपलाइन में हो सकती है। यदि वाकई यह सांप की केंचुली है तो यह जल स्रोत या पाइपलाइन में किसी जीव के प्रवेश की संभावना को भी दर्शाता है, जो न केवल डरावनी है बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी खतरे की घंटी है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की तुरंत जांच की जाए और जल सप्लाई की स्वच्छता सुनिश्चित की जाए। साथ ही, जलापूर्ति लाइन की सफाई, निरीक्षण और नियमित परीक्षण की प्रक्रिया को गंभीरता से लागू किया जाए।