-आग बुझाते समय झुलसी महिला, प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने घर भेजा
- लेंटर वाली पशुशाला के दो कमरे, टीन शेड, बिजली उपकरण, मशीनें और चारा राख
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहतलाई (बिलासपुर)। उपमंडल झंडूता की ग्राम पंचायत मल्होट के डरोह गांव में एक गोशाला में अचानक आग भड़क गई। देखते ही देखते लेंटर वाली पशुशाला के दो कमरे, टीन शेड, बिजली उपकरण, मशीनें, तूड़ी और सूखा चारा जलकर राख हो गया। हादसे में आग बुझाते समय परिवार की एक महिला झुलस गई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पताल से घर भेज दिया गया है। यह हादसा गांव डरोह निवासी नरेंद्र कुमार के यहां हुआ।
उन्होंने पुलिस थाना तलाई में दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे वह घर के आंगन में थे, तभी उन्होंने अपनी पशुशाला से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं। जब वह भागकर मौके पर पहुंचे तो देखा कि लेंटर वाली पशु शाला, जिसमें तीन कमरे थे, उनके आग लगी हुई थी, उनकी पत्नी निर्मला देवी टीनपोश शेड के पास आग बुझाने का प्रयास कर रही थीं और इस दौरान वह झुलस गईं। पीड़ित ने बताया कि उनकी पत्नी को प्राथमिकता देते हुए वह पहले अस्पताल ले गए, इसलिए घटना की सूचना तुरंत पुलिस को नहीं दे सके। आग की सूचना पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आपसी सहयोग से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लाखों का नुकसान हो चुका था। नरेंद्र कुमार के अनुसार आग से उनके दो कमरे, दरवाजे, टीन शेड, घास कुतरने की मशीन, मोटर, टुल्लू पंप, बिजली की वायरिंग, मीटर, तूड़ी की करीब 200 डलियां, सूखी घास की 200 गड्डियां, 1000 लीटर की पानी की टंकी सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया। बताया जा रहा है कि आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होना है। पीड़ित ने बताया कि उन्हें किसी पर भी कोई शक नहीं है। पुलिस थाना तलाई ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस अग्निकांड में करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस थाना तलाई द्वारा मामले में आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।