खाद्य सुरक्षा विभाग ने कारोबारी को भेजा 30 दिन का नोटिस
जवाब मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। त्योहारी सीजन में बाजार में बिकने वाली मिठाइयों की गुणवत्ता जांचने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से भरे गए सैंपलों में दधोल-डंगार क्षेत्र से लिया गया प्लेन बर्फी का सैंपल निर्धारित मानकों पर खरा नहीं उतरा है। प्रयोगशाला की जांच में इसे सब स्टैंडर्ड घोषित किया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने संबंधित कारोबारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कारोबारी को अपना पक्ष रखने के लिए 30 दिन का समय दिया गया है।
त्योहारी सीजन में मिठाइयों की मांग बढ़ने के चलते खाद्य सुरक्षा विभाग ने बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए सैंपलिंग अभियान चलाया था। इस दौरान अलग-अलग क्षेत्रों से मिठाइयों के नमूने एकत्र किए गए थे। इसी अभियान के तहत दधोल-डंगार क्षेत्र से प्लेन बर्फी का सैंपल लिया गया था। प्रयोगशाला से आई रिपोर्ट में यह नमूना सबस्टैंडर्ड श्रेणी में पाया गया। इसका अर्थ है कि संबंधित खाद्य पदार्थ निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं था। रिपोर्ट आने के बाद सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा विभाग महेश कश्यप की ओर से संबंधित कारोबारी को नोटिस जारी किया गया है। इसमें 30 दिन के भीतर जवाब देने के लिए कहा गया है। कारोबारी को इस अवधि में अपना पक्ष रखने का अवसर मिलेगा। इसके बाद विभाग उपलब्ध तथ्यों और जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगा। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा विभाग महेश कश्यप ने बताया कि दधोल-डंगार क्षेत्र से लिया गया प्लेन बर्फी का सैंपल सब स्टैंडर्ड पाया गया है। संबंधित कारोबारी को 30 दिन का नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया है। जवाब मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत जो भी कार्रवाई बनती है, वह अमल में लाई जाएगी। गौरतलब है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से जुड़ी जांच में सब स्टैंडर्ड और असुरक्षित श्रेणी अलग-अलग होती हैं। इस मामले में प्रयोगशाला रिपोर्ट में बर्फी को सब स्टैंडर्ड बताया गया है। ऐसे में इसे असुरक्षित घोषित किए जाने का दावा नहीं किया जा सकता। विभागीय कार्रवाई कारोबारी के जवाब और अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आगे बढ़ेगी।