पत्नी को ढूंढने के नाम पर व्यक्ति से ठगे दो लाख रुपये
व्यक्ति ने एक संस्था की अध्यक्ष पर लगाया आरोप
पीड़ित बोला, उसके पास पैसे देने का पूरा ब्योरा मौजूद
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी(बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं के एक गांव के 35 वर्षीय व्यक्ति से उसकी लापता पत्नी को ढूंढने के नाम पर एक संस्था ने दो लाख रुपये ठग लिए। व्यक्ति ने संस्था के पदाधिकारी को ऑनलाइन पैसे भेजे हैं, जिसका उसके पास पूरा ब्योरा है। व्यक्ति ने संस्था की अध्यक्ष पर आरोप लगाया है। वहीं संस्था पिछले कुछ दिनों से सुर्खियों में भी है।
पीड़ित व्यक्ति ने बताया है कि उसकी पत्नी साल 2022 में लापता हुई थी। इसके बाद एक परिचित व्यक्ति ने उसे एक संस्था की अध्यक्ष से मिलाया। संस्था की अध्यक्ष ने कहा कि पत्नी को ढूंढने के लिए पैसे लगेंगे। संस्था की अध्यक्ष ने उससे अपने खाते में अलग-अलग समय पर एक लाख रुपये डलवाए। फिर 50 हजार रुपये नकद भी लिए। संस्था की अध्यक्ष के साथ कई बार पत्नी को ढूंढने के लिए नाहन, पांवटा साहिब गया, जिसका आने जाने का गाड़ी का खर्च भी उसने खुद ही वहन किया, लेकिन पत्नी का कोई पता नहीं चल पाया। जब उसने संस्था की अध्यक्ष से पैसे वापस मांगे तो पैसे लौटाने की बात करती रही, लेकिन कुछ समय बाद उसने पैसे देने से मना कर दिया।
जानकारी के मुताबिक संस्था पर कई लोगों से पैसे ठगने के आरोप लगे हैं। व्यक्ति के मुताबिक अब वह एक बार फिर से संस्था की अध्यक्ष से पैसे वापस देने की गुहार लगाएगा। यदि पैसे नहीं मिले तो वह पुलिस में शिकायत करेगा। उसके पास संस्था की अध्यक्ष को पैसे देने के सबूत भी हैं। वह उन्हें भी पुलिस के समक्ष रखेगा।