- बरठीं बाजार में हुआ था हादसा, पीजीआई में चल रहा था उपचार
- तलाई थाना पुलिस कर रही मामले में कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहतलाई(बिलासपुर)। स्कूटी की टक्कर से घायल हुए व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसा मंगलवार शाम को बरठीं में हुआ था। घायल का उपचार पीजीआई चंडीगढ़ में चल रहा था, जहां उसने वीरवार सुबह दम तोड़ दिया। मामले में तलाई थाना पुलिस कार्रवाई कर रही है।
मंगलवार शाम को बरठीं बाजार में चार पहिए वाली स्कूटी ने पैदल चल रहे प्रेम लाल (60) निवासी बरठीं तहसील झंडूता जिला बिलासपुर को टक्कर मार दी थी। लोगों ने घायल को बरठीं अस्पताल पहुंचाया था, जहां से पीजीआई रेफर कर दिया था। मंगलवार रात को ही परिजन उन्हें पीजीआई ले गए, वहां उनका उपचार चल रहा था। वीरवार सुबह उनकी पीजीआई में मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करा कर शव परिजनों को सौंप दिया है। आरोपी स्कूटी चालक वीरेंद्र कुमार निवासी गांव गुवाओं डाकघर बरठीं तहसील झंडूता जिला बिलासपुर पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है। डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल सिंह ने मामले की पुष्टि की है।