प्रेमलाल दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का करता था पालन पोषण
पंचायत ने प्रशासन से की परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। सदर विधानसभा क्षेत्र की बल्ह चुराणी पंचायत के गैहरा गांव में बुधवार को दोपहर के समय मवेशियों के लिए पेड़ से चारा काटते समय संतुलन बिगड़ जाने से एक व्यक्ति नीचे गिर गया। गंभीर चोट लगने से बेसुध हुए व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वह उससे पहले ही दम तोड़ चुका था। डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान गैहरा गांव निवासी 61 वर्षीय प्रेमलाल पुत्र स्व. मनसाराम के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस भी बिलासपुर अस्पताल पहुंची। मृतक का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मृतक प्रेमलाल अपने पीछे पत्नी और 2 बेटे छोड़ गए हैं। बताया जा रहा है कि प्रेमलाल दिहाड़ी-मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। बल्ह चुराणी पंचायत के उपप्रधान राकेश कुमार, वार्ड मेंबर शकुंतला देवी तथा पूर्व सैनिक जीतराम आदि ने घटना पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता देने की मांग की है।